शिकारगंज क्षेत्र के गायघाट गांव के समीप मिट्टी खनन की सूचना पर पुलिस व वन विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को मौके पर पहुंच कर खनन कार्य में लगे एक जेसीबी को कब्जे में ले लिया। जेसीबी को प्रशासन के कब्जे में लेने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। मौके पर हंगामा शुरू कर दिया, इससे तनाव की स्थिति हो गई। इस पर पुलिस ने गांव में मार्च किया।गांव में मिट्टी की खनन की जानकारी पर चंद्रप्रभा वन क्षेत्र के वन क्षेत्राधिकारी अखिलेश दुबे, चकिया वन क्षेत्र के डिप्टी रेंजर आनंद दुबे, शिकारगंज चौकी इंचार्ज अमित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस और बंद कर्मी मौके पर पहुंच गए। जेसीबी को अपने कब्जे में लेकर पुलिस चौकी ला रहे थे। इसी बीच अवैध खनन में लिप्त खनन माफिया और स्थानीय ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। तनाव की स्थिति को देखते हुए जानकारी मिलने पर सीओ रघुराज, कोतवाल अर्जुन सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इसको देखते हुए मौके से विवादित लोग भाग खड़े हुए। इसके बाद गांव के सड़क पर मार्च करके ध्वनि विस्तारक यंत्र से कड़ी चेतावनी दी। सीओ रघुराज ने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा करने वालों के ऊपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।