पड़ाव से पीडीडीयू नगर के बीच बने सिक्स लेन मार्ग पर इन दिनों छुट्टा पशुओं का जमावड़ा परेशानी का कारण बना हुआ है। डिवाइडर पर बैठे और सड़क पर घूमते पशुओं की वजह से सुबह-शाम आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है। तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक मवेशियों के आ जाने से कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिख रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम होते ही गोवंश के झुंड डिवाइडर पर बैठ जाते हैं। रात में इनकी मौजूदगी और खतरनाक हो जाती है क्योंकि हाईवे पर तेज रफ्तार में दौड़ते वाहनों को अचानक सड़क के बीच खड़े पशु दिखाई नहीं देते। इससे टकराव की आशंका बढ़ जाती है। कई बाइक सवारों और छोटे वाहनों को इनसे बचते हुए चोटिल होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि सड़क निर्माण के बाद इस मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ गया है, लेकिन छुट्टा पशुओं को हटाने की कोई व्यवस्था नहीं है। नगर पालिका और पशुपालन विभाग की टीमों द्वारा समय-समय पर अभियान चलाने के दावे किए जाते हैं, पर स्थिति जस की तस बनी है। स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से अविलंब अभियान चलाकर छुट्टा पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। यात्रियों की सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए इस समस्या पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है।