चंदौली जिले के धानापुर कस्बे में जहरीले सांप के काटने से तीन वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार सुबह नरौली गंगा घाट पर मासूम का अंतिम संस्कार किया गया। जानकारी के अनुसार, धानापुर कस्बा निवासी पवन सेठ का तीन वर्षीय पुत्र रघुनाथ सेठ मंगलवार रात करीब नौ बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान घर के पास रखे करकट में छिपे एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सांप के काटते ही बालक अचेत हो गया और उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। शुरुआत में परिजनों को किसी विषैले जंतु के काटने की आशंका हुई। बाद में घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर सांप के डसने की पुष्टि हुई। इसके बाद परिजन तत्काल बालक को चिकित्सक के पास ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।