अलीनगर थाना क्षेत्र के सरेसर गांव में सोमवार को किसानों के भारी विरोध के बावजूद हिंदुस्तान पेट्रोलियम की बाउंड्रीवॉल के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान मौके पर एसडीएम अनुपम मिश्रा के साथ भारी पुलिस फोर्स और राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। गांव स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम की बाउंड्रीवॉल बनाई गई है। कुछ दिन पूर्व बाउंड्रीवॉल के बाद छह मीटर जमीन हिंदुस्तान पेट्रोलियम की राजस्व टीम ने निकालकर सीमांकन कर दिया था। किसान इसका विरोध कर रहे थे। किसानों का कहना है कि उनकी जमीन हिंदुस्तान पेट्रोलियम के बाउंड्रीवॉल से सटकर है इसलिए उनकी जमीन का भी सीमांकन कर लिया जाय लेकिन उनके विरोध के बावजूद भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे एसडीएम अनुपम मिश्रा ने किसानों को समझाकर सीमांकन करने के बाद पत्थर गड़वा दिया। एसडीएम ने किसानों को आश्वासन दिया कि धारा 24 के तहत वे भी अपनी जमीन की पक्की पैमाइश करा लें। यदि यह जमीन उनकी निकलती है तो उन्हें दिला दी जाएगी। सीमांकन के दौरान नायब तहसीलदार अमित कुमार सिंह, लेखपाल वीरेंद्र यादव, एसओ घनश्याम शुक्ला, क्राइम इंस्पेक्टर रमेश यादव, आलू मिल चौकी प्रभारी अनिल यादव, किसान भानू प्रकाश सिंह, अशोक शर्मा आदि रहे।