सकलडीहा कोतवाली के पौरा गांव के समीप ट्रेन की चपेट में आने से दिघवट गांव निवासी बाल मुकुंद सिंह (65) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। क्षेत्र के दिघवट गांव निवासी बाल मुकुंद सिंह शनिवार की सुबह अपने घर से साइकिल लेकर निकले थे। पौरा गांव स्थित रेलवे ट्रैक के पास अपनी साइकिल खड़ी की और रेलवे क्रॉसिंग से पूर्व दिशा की ओर चले गए। इसी दौरान डाउन लाइन से गुजर रही एक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। इस संबंध में सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि नई बाजार चौकी इंचार्ज जनक सिंह मौके पर पहुंचे थे और शव को पोस्टमार्टम के भेज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।