बदायूं के सहसवान तहसील कार्यालय में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर बृहस्पतिवार को अधिवक्ताओं और एसडीएम के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मामला तब बढ़ा जब अधिवक्ता तहसील कार्यालय में भ्रष्टाचार व्याप्त होने का आरोप लगाते हुए ज्ञापन देने पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया और पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। अधिवक्ताओं ने तहसील प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने एसडीएम पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। एसडीएम साईं आश्रित साखमुरी ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं से केवल संबंधित अधिकारी या कर्मचारी का नाम पूछकर वार्ता करने को कहा गया था। अभद्रता या अपशब्द कहने का आरोप गलत है।