रामपुर के अधिवक्ता की हत्या के विरोध में बदायूं में वकीलों ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। अधिवक्ताओं ने घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। कलक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में पहुंचे अधिवक्ताओं का नेतृत्व जिला अध्यक्ष देवपाल सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि रामपुर में एक वकील की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे अधिवक्ताओं में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि कानून के रक्षक माने जाने वाले अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। जिला महामंत्री संदीप मिश्रा ने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो अधिवक्ता आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश सरकार से अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई। इस दौरान गौरव गोस्वामी एडवोकेट सहित अन्य अधिवक्ता भी मौजूद रहे।