बदायूं के दातागंज क्षेत्र के सैंजनी स्थित एचपीसीएल बायोगैस प्लांट में उप महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता और उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को जिला अस्पताल परिसर स्थित आंबेडकर पार्क में धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को दिया गया। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह और शहर अध्यक्ष मुन्ना लाल सागर के संयुक्त नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद प्रदेश कांग्रेस के निवर्तमान सचिव जितेंद्र कश्यप ने घटना की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग की। पूर्व जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह ने आरोप लगाया कि परिजनों के अनुसार पुलिस को पहले ही संभावित खतरे की सूचना दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं शहर अध्यक्ष मुन्ना लाल सागर ने कहा कि मृतकों के परिजनों ने स्थानीय भाजपा नेताओं पर आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लगाया है, जिससे उसके हौसले बढ़े। कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि मृतकों के परिजनों को पांच करोड़ रुपये का मुआवजा और सरकारी नौकरी दी जाए, साथ ही एचपीसीएल प्लांट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो। प्रदर्शन के बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांशीराम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भारत रत्न देने की मांग भी की।