बदायूं में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर एक सरकारी अधिकारी (डीटीओ) लिखी कार से कुत्ते को बांधकर घसीटने का एक वीडियो सामने आया है। यह मामला सोमवार का बताया जा रहा है। पशु प्रेमियों की शिकायत पर पुलिस इसकी जांच कर रही है। हालांकि वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करता है।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि बदायूं शहर से अलापुर मार्ग की ओर जा रही कार के पीछे रस्सी से एक कुत्ता बंधा हुआ था। कार उसे घसीटते हुए ले जा रही थी। पीछे चल रहे कार सवार लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया। उन्होंने चालक को रोकने और कुत्ते को घसीटने का विरोध भी किया।
बताया जा रहा है कि कुत्ते को अलापुर सड़क पर कुलचौरा गांव के नजदीक सड़क किनारे फेंक दिया गया। ट्रांसपोर्ट मालिक ने भी पुष्टि की है कि कार डीटीओ के पास लगी हुई है। मंगलवार को यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। पशु मित्र विकेंद्र शर्मा ने एक्स हैंडल पर वीडियो अपलोड कर कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एजेंसी से मुहैया कराई गई कार
क्षय रोग अधिकारी डॉ. विनेश कुमार ने बताया कि एक एजेंसी की तरफ से यह कार हमको मुहैया कराई गई। जो सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक रहती है। जबकि सोशल मीडिया पर अपलोड वीडियो सुबह-सुबह का लग रहा है। इसके बारे में पता किया है यह वीडियो दो-तीन पुराना है। उस वक्त कौन गाड़ी में था। इसके बारे में एजेंसी संचालक ही बता सकता है।
एजेंसी संचालक प्रताप कटियार ने बताया कि जब इस संबंध में ड्राइवर से बात की, तो उसने बताया कि कार से कुत्ता टकरा गया था। जिससे उसकी मौत हो गई। ऐसे में उसको शहर से दूर फेंका था।