ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (टीजीटी) परीक्षा की पहली पाली बुधवार को बरेली जिले के 20 केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। दो दिनों में चार पालियों में कुल 32,365 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बुधवार को सुबह नौ बजे से शुरू हुई यह पाली 11:30 बजे तक चली। परीक्षार्थियों को केंद्रों पर कड़ी तलाशी के बाद प्रवेश दिया गया। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर सामान्य था। बरेली कॉलेज में एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा केंद्रों को चार जोन में बांटा गया था। इन जोनों में एडीएम वित्त, एडीएम न्यायिक, सिटी मजिस्ट्रेट और डीसी एनआरएलएम को तैनात किया गया था। परीक्षा छूटने के बाद बरेली कॉलेज समेत अन्य केंद्रों के बाहर भीषण जाम लग गया। रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे पर भी भारी भीड़ देखी गई।