बरेली में इवेंट मैनेजर पूजा राना की हत्या के आरोपी विमल दिवाकर ने खुद को बचाने के लिए बहुत होशियारी दिखाई, लेकिन अपने बुने जाल में फंसता चला गया। वह एक सप्ताह से पुलिस को गुमराह कर रहा था, लेकिन जब एसओजी ने कार में पूजा के साथ बैठकर जाते हुए उसकी फुटेज दिखाई तो वह तोते की तरह सच उगलता चला गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने पूरी कहानी बयां कर दी। उसने दावा किया कि वह और पूजा दोनों नशे में थे। पूजा ने उसके रुपये देने से इन्कार कर दिया और फिर उसकी कार खुद चलाकर दो-तीन जगह टक्कर मार दी तो उसे गुस्सा आ गया। उसने मफलर से गला कसकर पूजा की हत्या कर दी। शुक्रवार को रामगंगा नगर कॉलोनी के पास मोबाइल फोन बरामद कराने के दौरान विमल ने झाड़ी से तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर फायर कर दिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।