बरेली में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण के बाद अनंतिम प्रकाशन हो गया है। अब आम लोगों से आपत्तियां ली जा रही हैं। जिनके नाम में त्रुटियां हैं या किसी मतदाता के अपात्र होने पर उसका नाम हटाना है आदि से जुड़े मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित प्रपत्रों का वितरण चल रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को सदर तहसील कार्यालय परिसर में तीन काउंटर लगाए गए हैं। ये काउंटर न्यायालय नायब तहसीलदार भोजीपुरा और रिठौरा के सामने लगाए गए हैं, जहां पर मतदाता सूची में नाम बढ़ाने या संशोधन आदि को लेकर प्रपत्र बांटे जा रहे हैं। प्रपत्र लेने के लिए लोग आ भी रहे हैं। एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने संबंधित एक व्यक्ति को उसकी मांग पर अधिकतम 10 प्रपत्र देने के ही निर्देश जारी किए हैं।