अयोध्या रोड स्थित सागर नर्चर इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को अमर उजाला द्वारा ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों को कानून, करियर और ट्रैफिक सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम में सिटी संगम कुमार ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ अपने अधिकारों और कर्तव्यों की समझ होना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने बच्चों को जीवन में सही दिशा चुनने और मेहनत से अपने लक्ष्यों को हासिल करने के प्रेरक सूत्र बताए। वहीं यातायात प्रभारी रामजतन ने सड़क सुरक्षा के नियमों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ओवर स्पीडिंग और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने के खतरों के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक अपने मन के सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने धैर्यपूर्वक और सरल भाषा में उत्तर दिया। स्कूल के प्रिंसिपल विनीत कुमार शर्मा ने अमर उजाला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को न केवल जागरूक बनाते हैं बल्कि उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदारी का भी एहसास कराते हैं।