बलिया के हल्दी थाना क्षेत्र के पिण्डारी गांव के ऊपर शनिवार को एक साथ छह हेलिकॉप्टर गुजरने से इलाके में हलचल मच गई। अचानक आसमान में गड़गड़ाहट की तेज आवाज सुनकर बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सभी घरों से बाहर निकल आए और आसमान की ओर देखने लगे। कुछ देर तक हेलिकॉप्टरों का दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। बाद में पता चला कि यह भारतीय सेना की एविएशन ड्रिल थी। सूत्रों के अनुसार आर्मी एविएशन का 40वां कोर डे मनाए जाने के अवसर पर बरेली से रांची की ओर छह हेलिकॉप्टरों का यह दल रवाना हुआ था। स्थानीय लोगों के लिए यह नजारा रोमांच और गर्व का क्षण बना रहा। कई लोगों ने इस दृश्य के फोटो और वीडियो भी अपने मोबाइल में कैद किए और सोशल मीडिया पर साझा किए।