रुपईडीहा (बहराइच)। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन से जल्द ही ट्रेनों का संचालन शुरू होने जा रहा है। संचालन से पूर्व पूर्वोत्तर रेलवे के उच्च अधिकारियों ने स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना ने खुद ट्रेन में सवार होकर स्पीड और सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया। स्पीड और सुरक्षा परखने के लिए दौड़ी ट्रेन निरीक्षण के दौरान तेज रफ्तार में ट्रेन को चलाकर ब्रॉड गेज पटरी की मजबूती, सिग्नल प्रणाली और ओवरब्रिज सहित सभी व्यवस्थाओं की जांच की गई। दर्जनों रेलवे अधिकारी इस मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि रेलवे स्टेशन निर्माण की गुणवत्ता और मानकों की जांच पूरी हो चुकी है और अब ट्रेन संचालन की राह लगभग साफ हो गई है। सीमावर्ती यात्रियों को मिलेगी बड़ी सौगात मोदी सरकार की मंशा के तहत भारत-नेपाल सीमा पर यह रेलवे स्टेशन सीमावर्ती क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा देने के उद्देश्य से बनाया गया है। आंकड़ों के मुताबिक, करीब 60% यातायात संसाधनों का उपयोग पड़ोसी मुल्क नेपाल के नागरिक करते हैं। बांके, बर्दिया, दांग, सुर्खेत, कैलाली सहित विभिन्न जिलों से लोग रुपईडीहा होकर हरिद्वार, शिमला, बनारस, दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, मुंबई, गोवा जैसे बड़े शहरों के लिए सफर करते हैं। लोगों में उत्साह, सराहनीय कदम बताया क्षेत्रीय निवासी विजय कुमार गुप्ता, राजू मद्धेशिया, संतोष अग्रवाल आदि ने बताया कि ट्रेनों के संचालन से सीमावर्ती यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। लंबे समय से लोग इंतजार कर रहे थे कि कब रेलवे सेवा शुरू हो। उन्होंने इसे केंद्र सरकार का सराहनीय कदम बताया।