आजमगढ़ में झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र का झांसा देकर महिलाओं को बेहोश कर जेवरात व नकदी चोरी करने वाले तीन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी का माल खरीदने और गलाने वाला एक सुनार भी शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी और तंत्र-मंत्र का सामान बरामद किया है। कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि मोहम्मद आजम और अब्दुल राजिक महिलाओं को विश्वास में लेकर बेहोशी की दवा पिलाते या सुंघाते थे। इसके बाद वे उनके घरों से जेवरात और नकदी चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए जेवरात को सूरज वर्मा नामक सुनार सस्ते दामों में खरीदकर गला देता था। कोतवाली थाना क्षेत्र की गुड़िया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मोहम्मद आजम और अब्दुल राजिक ने उसकी बेटी को झाड़-फूंक से ठीक करने का झांसा दिया। बाद में उन्होंने गुड़िया, उसकी बेटी और बहन को बेहोश कर घर से जेवरात व नकदी चुरा ली। इसी तरह, रिजवान अहमद ने भी शिकायत की थी कि दो व्यक्तियों ने उसकी पत्नी को तंत्र-मंत्र का झांसा देकर बेहोश किया और जेवरात चोरी कर लिए।