अयोध्या। गोसाईगंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। अयोध्या-अंबेडकरनगर मार्ग पर पकरेला गांव के पास खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बोलेरो की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में शिवलाल गौड़ (65) की मौके पर मौत हो गई, जबकि अजीत गौड़, राघव राम गौड़, रामप्रसाद, मनजीत व चालक जावेद अली घायल हो गए। बताया गया कि ट्रॉली पंचर होने के कारण सड़क किनारे बिना संकेतक के खड़ी थी। वाराणसी से लौट रही बोलेरो अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। टक्कर के बाद पीछे आ रही एक्सयूवी भी बोलेरो से भिड़ गई, हालांकि उसमें सवार लोग सुरक्षित बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजा, जहां से दो को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।