लखनऊ-गोरखपुर नेशनल हाईवे पर सफर बुधवार से महंगा हो गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने रौनाही टोल प्लाजा की दरों में 5 से 15 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है, जो मंगलवार रात 12 बजे से लागू हो गई। नई दरों के अनुसार बस व ट्रक का टोल 385 से बढ़कर 395 रुपये, 10 चक्का वाहन 420 से 430 रुपये तथा हैवी ट्रेलर 600 से 615 रुपये कर दिया गया है। वहीं सबसे भारी वाहनों का शुल्क 730 से बढ़ाकर 750 रुपये हो गया है। वापसी दरों में भी वृद्धि की गई है। टोल प्रबंधन के अनुसार यह संशोधन हर वर्ष एक अप्रैल से लागू किया जाता है। प्रबंधक मनीष सिंह ने बताया कि नई दरों का सर्कुलर जारी कर टोल प्लाजा पर चस्पा कर दिया गया है। बुधवार से सभी वाहन चालकों से नई दरों से शुल्क लिया जा रहा है।