बीकापुर क्षेत्र पंचायत की बैठक में 3.90 करोड़ की विकास योजना पारित, अनुपस्थित अधिकारियों पर निंदा प्रस्ताव बीकापुर: विकासखंड बीकापुर के अटल बिहारी वाजपेई सभागार में सोमवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक ब्लॉक प्रमुख दिनेश कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि 4.50 करोड़ रुपये की स्वीकृत कार्ययोजना में अब तक 2.90 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। वहीं वर्ष 2026-27 के लिए 3.90 करोड़ रुपये की विकास योजना सदन ने सर्वसम्मति से पारित की। विभिन्न विभागों ने अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी, जबकि क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने इंटरलॉकिंग, नाली व अन्य विकास कार्यों के प्रस्ताव सौंपे। राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत व नलकूप विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर सदन में नाराजगी जताते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि अनुपस्थित अधिकारियों की शिकायत जिलाधिकारी से की जाएगी।