गजरौला। आषाढ़ अमावस्या पर तिगरी में करीब एक किमी तक लगे जाम ने श्रद्धालुओं के पसीने छुड़ा दिए। इस कदर जाम लगा कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। उधर हाईवे पर भी कई बार वाहनों के पहिए थमे। मगर मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने जाम नहीं लगने दिया। मंगलवार को आषाढ़ माह की अमावस्या पर पुलिस का सारा फोकस हाईवे को जाम मुक्त रखने का था। इस कारण इंस्पेक्टर मनोज कुमार, इंस्पेक्टर क्राइम राम संजीवन यादव, ब्रजघाट चौकी इंचार्ज सुधीर कुमार व दरोगा देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में 20 से अधिक पुलिसकर्मी हाईवे पर मुस्तैद हो गए। हापुड़ जिले की सीमा से लेकर ब्रजघाट चौकी तक पुलिसकर्मियों ने कोई भी वाहन नहीं रुकने दिया। उधर तिगरी में दो दरोगाओं के नेतृत्व में महज दस पुलिसकर्मी ही तैनात थे, जबकि यहां पर श्रद्धालु बड़ी संख्या में उमड़े। गंगा किनारे दूर तक मेला जैसा नजारा दिखाई दे रहा था। श्रद्धालुओं की भारी संख्या के कारण गंगा तट बांध से लेकर तिगरी गंगा तट तक जाम लग गया। जाम में फंसे लोगों को पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। जाम में फंसे श्रद्धालुओं के पसीने छूट गए। सीओ अंजलि कटारिया का कहना है कि श्रद्धालुओं की भारी संख्या के कारण तिगरी में कुछ देर के लिए जाम जैसे हालात बन गए थे।