भाकियू एकता उगराहां के राष्ट्रीय अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां ने केंद्र सरकार को किसान विरोधी करार दिया। कहा कि अमेरिका-भारत समझौता किसानों के लिए हितकारी नहीं है। उन्होंने मांग उठाई कि इसे वापस लिया जाना चाहिए। सोमवार को पंजाब के वरिष्ठ किसान नेता सरदार जोगिंदर सिंह उगराहां दरियापुर बुजुर्ग गांव में किसान पंचायत में आए। गजरौला और गांव में उनका भव्य स्वागत किया गया। गजरौला से गांव तक उनकी रैली निकाली गई। जिसमें कई ट्रैक्टर और लक्जरी गाड़ियों में सवार किसान शामिल हुए। पंचायत में उन्होंने कहा कि जब एमएसपी को कानून का दर्जा नहीं मिलेगा, किसानों को उनकी फसलों का वाजिब मूल्य नहीं मिलेगा। उन्होंने किसानों की कर्ज माफी पर जोर दिया। कहा कि बढ़ते कर्ज के कारण किसान आर्थिक और मानसिक संकट का सामना कर रहे हैं। मगर भाकियू एकता उगराहां किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए कभी पीछे नहीं हटेगी। इस मौके पर विजयवीर सिंह, कंवरजीत सिंह ,बली सिंह चीमा, कुलदीप पुनिया, निर्भय सिंह, रवि चौधरी, प्रदीप चौधरी, नरेश धारीवाल, देवेंद्र सिंह, कामिल चौधरी, इक़बाल सैफी, अमित चीमा आदि मौजूद रहे।