अमेठी में एसआईआर अभियान के तहत तहसील और ब्लॉक स्तर पर जारी की गई नोटिसों के निस्तारण में इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ईएआरओ) की कार्यशैली पर मतदाताओं ने सवाल उठाए हैं। मंगलवार को गौरीगंज ब्लॉक सभागार में कुछ ईएआरओ नोटिसों का निस्तारण कर रहे थे, लेकिन कई ईएआरओ के समय पर उपस्थित न होने के कारण आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि उन्होंने सभी आवश्यक प्रपत्र पहले ही जमा कर दिए थे, इसके बावजूद उन्हें नोटिसें प्राप्त हो रही हैं। नोटिस के साथ आवश्यक अभिलेख जमा करने की सही प्रक्रिया और जानकारी न मिलने के कारण नागरिकों को अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस अव्यवस्था के चलते मतदाताओं ने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) सहित अभियान में नामित जिम्मेदारों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं।