भेटुआ के संड़िला गांव में जलभराव से कच्चा मकान ढहने के मामले में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विद्यावती शर्मा (80) से फोन पर बातचीत कर उनका हाल जाना। उन्होंने बुजुर्ग महिला को चिंता न करने का भरोसा दिलाया और अधिकारियों को तत्काल राहत व सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अमर उजाला में 18 अगस्त की खबर प्रकाशित होने के बाद उप मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को पीड़िता की जरूरतों का आकलन कर नियमानुसार सहायता देने और पात्रता के आधार पर आवास समेत अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इसके बाद ग्राम्य विकास विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सोमवार सुबह जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से जलभराव के कारण विद्यावती के कच्चे मकान की दीवार ढह गई थी। हादसे में वह बाल-बाल बच गईं। ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। पति राजपति शर्मा की करीब 12 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद से वह अकेली रह रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार गांव में जल निकासी का रास्ता नहीं होने से लगातार जलभराव है। पड़ोसी उदयराज प्रजापति का भुसैला भी ढहने की कगार पर है। ग्रामीणों ने जल निकासी की व्यवस्था और विद्यावती को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।