42 डिग्री के पार पहुंचा पारा, लू के थपेड़ों से जनजीवन बेहाल बाजारों में पसरा सन्नाटा, राहगीरों, व्यापारियों और किसानों की बढ़ी परेशानी अमेठी सिटी। जिले में बुधवार को 42 डिग्री सेल्सियस तापमान होने से भीषण गर्मी और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। सुबह से निकली तेज धूप के बीच पछुआ हवा चलने से उमस और तपिश का असर और बढ़ गया। सड़कें सूनी हो गईं और बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी कम चहल-पहल दिखाई दी। लोग छांव के साथ धूप से बचाव करते नजर आए। गन्ना जूस सहित अन्य ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर भीड़ दिखी। सुबह नौ बजे के बाद ही गर्मी का असर तेज होने लगा। दोपहर दो बजे तक अधिकतम तापमान 42 डिग्री के पार दर्ज किया गया। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया। जिला मुख्यालय के सैंठा चौराहा, हनुमान तिराहा, स्टेशन चौराहा, चौक बाजार, जामों और मुसाफिरखाना तिराहे पर दोपहर 12 से तीन बजे के बीच सन्नाटा पसरा रहा। हाइवे पर भी छोटे वाहनों की संख्या कम रही और अधिकांशतः बड़े वाहन ही गुजरते दिखाई दिए। गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री छांव वाले स्थानों में शरण लेते नजर आए। यात्री रामकिशोर यादव ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर गर्म हवाओं के कारण खड़ा होना मुश्किल हो रहा था। वहीं बस अड्डे पर इंतजार कर रहे मुकेश वर्मा ने कहा कि धूप से बचने के लिए लोग छायादार स्थान तलाश रहे हैं। चौक बाजार के व्यापारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि दोपहर में ग्राहक न के बराबर पहुंच रहे हैं। अंकित कुमार ने कहा कि लोग केवल जरूरी कार्य होने पर ही घरों से निकल रहे हैं। किसान जवाहर लाल ने बताया कि सुबह नौ बजे के बाद खेतों में काम करना कठिन हो जाता है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी और लू का प्रभाव बने रहने की संभावना है।