अंबेडकरनगर में जिले के 29वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में अंबेडकरनगर विकास एवं विरासत महोत्सव 2025 का शनिवार को आगाज हो गया है। सांस्कृतिक मंच पर सुबह डीएम अविनाश सिंह, उनकी पत्नी श्वेता सिंह व एसपी केशव कुमार समेत तमाम अधिकारियों की मौजूदगी में संगीतमयी सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। आचार्य गिरीशानंद तिवारी व उनके शिष्यों ने पूरे विधि विधान से पूजन कराने के साथ हवन में आहुतियां डलवाई और महोत्सव के सफल आयोजन की कामना की। इसी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी शुभारंभ हुआ। विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने मंच पर देशभक्ति, धार्मिक व फिल्मी गीतों पर प्रस्तुतियां देकर सभी का मनमोह लिया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के स्टॉल का डीएम ने निरीक्षण कर उत्पादों के बारे में जानकारी ली।