केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, नीट पेपर लीक, नई प्राथमिक शिक्षक भर्ती, रिक्त पदों पर नियुक्ति और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर विभिन्न छात्र संगठनों ने सिविल लाइंस में जोरदार धरना प्रदर्शन किया। छात्र संगठनों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, नई प्राथमिक शिक्षक भर्ती और रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर शनिवार को पत्थर गिरजाघर स्थित धरना स्थल पर विभिन्न छात्र व युवा संगठनों ने प्रदर्शन किया। दिशा छात्र संगठन, संयुक्त युवा मोर्चा, आइसा, डीएलएड अभ्यर्थी संगठन की ओर से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभ्यर्थी धरना स्थल पर जुटे। प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। आंदोलन को देखते हुए भारी फोर्स तैनात किया गया है।