आगरा में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) बारिश से पहले मथुरा से आगरा तक हाईवे का सर्वे करा रही है। जलभराव वाले स्पॉट चिह्नित किए जा रहे हैं। इनकी रिपोर्ट बनने के बाद कार्य योजना बनेगी। बारिश के मौसम में हाईवे पर कई स्थानों पर पानी भर जाता है और जाम की स्थिति बनती है। बीते साल सबसे ज्यादा रुनकता, सिकंदरा, गुरु के ताल के साथ आईएसबीटी, सुल्तानगंज की पुलिया और वाटरवर्क्स फ्लाईओवर के ढलान पर पानी भरा था। इससे वाहनों को निकालने में दिक्कत हुई और लंबा जाम भी लगा। इस पर जिला प्रशासन और नगर निगम ने एनएचएआई अधिकारियों को सुधार करने का निर्देश दिया था। अब बारिश से पहले ऐसे स्थानों को चिह्नित कर जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी। एनएचएआई के घटना प्रबंधक दिलीप खटाना ने बताया कि मथुरा से वाटरवर्क्स फ्लाईओवर तक सर्वे कर रहे हैं। इसमें चौक नाला-नाली, गड्ढे और जलभराव के स्पॉट चिह्नित किए जा रहे हैं। रिपोर्ट के बाद जलनिकासी की व्यवस्था की जाएगी।