रेलवे की ओर से मथुरा-अयोध्या के बीच नई वंदे भारत ट्रेन चलाने का प्रस्ताव है। इसका आगरा के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बुधवार को आगरा मंडल के आगरा कैंट–पलवल रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर परिचालन, संरक्षा और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने रुंधी रेलवे स्टेशन पहुंचकर वहां व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया तथा स्टेशन के समग्र विकास एवं कोचिंग टर्मिनल की संभावनाओं पर विचार किया। महाप्रबंधक ने स्टेशन प्रबंधक कक्ष, स्टोर, सिग्नल ड्यूटी रूम, रिले रूम तथा अग्निशमन उपकरणों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से स्टेशन की उपलब्ध भूमि, आधारभूत संरचना एवं परिचालन आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त करते हुए रुंधी स्टेशन के विकास की संभावनाओं का अध्ययन कर निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने मथुरा जंक्शन स्थित साइडिंग पिट का निरीक्षण कर वहां रखरखाव, स्वच्छता एवं परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के उपरांत आगरा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में महाप्रबंधक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्यों को पूरा करने और यात्रियों की सुविधाओं में निरंतर सुधार लाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक एसएस चंद्रयान, मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल, अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता, सचिव महाप्रबंधक अखिल शुक्ल आदि उपस्थित रहे।