आगरा में बाह के मढ़ेपुरा में रविवार की शाम 4 बजे चंबल नहर की पटरी पर दो बकरियों को बाइक सवार बदमाश ले गए। बकरियों को ले जाने का विरोध करने पर चरवाहे को बेरहमी से पीट दिया। उसने भाग कर अपनी जान बचाई। चरवाहे को गंभीर हालत में एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया है। बाह के अशोक नगर के 65 वर्षीय गंगादीन पुत्र रतीराम रोजाना की भांति रविवार को चंबल नहर पर बकरियां चराने के लिए गए थे। गंगादीन के दामाद हरी सिंह ने पुलिस को बताया कि 9 बकरियां थी, रविवार शाम 4 बजे के करीब बाइक सवार बदमाश पहुंचे और चर रहीं दो बकरियां ले जाने लगे। विरोध करने पर उन्होंने गंगादीन की बेरहमी से डंडों से पिटाई कर दी, उन्होंने भाग कर अपनी जान बचाई। नहर किनारे के एक घर के पास गिरकर बेहोश हो गए। बदमाश दो बकरियां ले गये। आनन फानन में इलाज के लिए बाह सीएचसी पर भर्ती कराया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पूछताछ और छानबीन के बाद घायल गंगादीन को इलाज के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल के लिए भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक बाह सत्यदेव शर्मा ने बताया कि घायल को इलाज के लिए भिजवाया है, मामले की जांच की जा रही है।