आगरा के इरादतनगर थाना क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज मैनेजर से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने 2 दिन में ही खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, वारदात में प्रयुक्त बाइक, अवैध तमंचा जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। आरोपियों ने लूटी गई बाइक की पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट हटाने के साथ ही चेसिस नंबर भी मिटाने का प्रयास किया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और सघन चेकिंग अभियान के दौरान तीनों को दबोचते हुए पूरे मामले का खुलासा किया। डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को प्रेसवार्ता में बताया कि 4 अगस्त की शाम करीब 8:15 बजे कुर्रा चित्तरपुर निवासी कोल्ड स्टोरेज मैनेजर राकेश शर्मा बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बीकापुर पुलिया के पास दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उनकी मोटरसाइकिल तथा 10 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर इरादतनगर थाने में प्राथमिकी कर एसीपी शमशाबाद राजीव रंजन के निर्देशन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। बृहस्पतिवार सुबह चेकिंग और गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इसके आधार पर बीकापुर पुलिया के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों में कृष्ण कान्त पुत्र मोहर सिंह निवासी ग्राम मढ़ी कौलारी थाना डौकी आगरा, सूरज पुत्र ओमप्रकाश निवासी ग्राम जयनगर थाना डौकी आगरा व राहुल पुत्र रनवीर निवासी ग्राम जयनगर थाना डौकी आगरा है। पूछताछ में तीनों ने लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, लूटी गई होंडा एसपी-125 बाइक, एक अवैध तमंचा. दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन तथा कुल 2,200 रुपए नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने लूटी गई बाइक की नंबर प्लेट हटाकर उसकी पहचान छिपाने की कोशिश की थी और चेसिस नंबर को भी घिस दिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राहगीरों को निशाना बनाकर फिल्मी स्टाइल में लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। तीनों आरोपी थाना डौकी क्षेत्र के रहने वाले हैं। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।