ई-रजिस्ट्री के विरोध में बुधवार को आगरा के बाह के वकीलों ने कलमबंद हड़ताल कर दी। सब रजिस्ट्रार कार्यालय पर ताला जड़ कर विरोध प्रदर्शन किया। बार एसोसिएशन बाह के पूर्व अध्यक्ष हरिओम पांडेय, यूथ बार बाह के अध्यक्ष राजेश यादव, सिविल बार बाह के अध्यक्ष राजकुमार भदौरिया ने संयुक्त निर्णय में ई-रजिस्ट्री के विरोध में 11 और 12 जून को भी कलमबंद हड़ताल का ऐलान किया है। इस दौरान न्यायिक कार्य से लेकर बैनामा का काम नहीं होगा। बुधवार को बाह में सब रजिस्ट्रार कार्यालय पर तालाबंदी कर प्रदर्शन करने वाले यूथ बार के अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा रजिस्ट्री प्रक्रिया का ऑनलाइन निजीकरण करना बेहद दुखद है। बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई के बीच प्रदेश सरकार दस्तावेज लेखकों, स्टांप वेंडरों और मुंशियों की आजीविका से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार से इस फैसले को वापस लेने की मांग की। तालाबंदी कर प्रदर्शन करने वालों में चंद्रकेतु श्रीवास्तव, देवीचरन, संजीव यादव, संदीप राठौर, सुशील भदौरिया, आशीष राठौर, फरेन्द्र सिंह गुर्जर, रामनिवास बघेल आदि रहे।