आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के आठ मंजिला भवन में गर्मी से मरीजों का बुरा हाल है। सेंट्रल एसी पूरी तरह से कार्य नहीं कर रहा है और कूलरों की भी कमी है। भीषण गर्मी और उमस से बचने के लिए कई तीमारदार अपने मरीज के लिए घर से ही पंखा लाने को मजबूर हैं। एसएन के आठ मंजिला भवन में सर्जरी विभाग, हड्डी रोग विभाग, नाक-कान और गला रोग विभाग, वक्ष एवं क्षय रोग विभाग, पैथोलॉजी विभाग हैं। इसमें 500 से अधिक मरीज भर्ती हैं और 1500 से अधिक तीमारदार हैं। इसमें सेंट्रल एसी सिस्टम लंबे समय से कार्य नहीं कर रहा है। एक-दो मंजिल पर संचालित है, लेकिन वो भी पूरी तरह से कूलिंग नहीं कर रहा है। हर वार्ड में कूलर नहीं लगे हैं। पंखों की भी कमी है।