आगरा के थाना लोहामंडी के राजा की मंडी क्षेत्र में शुक्रवार शाम अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यालय के बाहर असामाजिक तत्वों ने मांस के टुकड़े फेंक दिए। जानकारी के बाद मौके पर कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस के आश्वासन के बाद कार्यकर्ता शांत हुए। पुलिस आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी की रिकार्डिंग देख रही है। घटना शुक्रवार शाम 5:30 बजे की है। एबीवीपी कार्यालय के बाहर गुप्तेश्वर मंदिर चौक के पास कोई अज्ञात व्यक्ति मांस के टुकड़े फेंक गया। जानकारी होते ही मौके पर एबीवीपी,बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंची तो कार्यकर्ताओं ने पशु चिकित्सक की मौजूदगी में मांस के टुकड़े सील कर जांच की मांग की। सड़क पर बैठकर रास्ता जाम कर दिया और नारेबाजी के बाद हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। मौके पर एसीपी लोहामंडी गौरव कुमार मौके पर पहुंचे। मांस की सही जांच और आरोपियों की तलाश का आश्वासन देकर सबको शांत कराया। इस दौरान करीब आधा घंटे तक जाम लगा रहा। प्रदर्शन करने वालों में एबीवीपी के रमन शर्मा, अनुज पाठक, कर्मवीर बघेल, रजत जोशी और विहिप के शिवम दुबे ,अंकुर ठाकुर, कार्तिक, आकाश, जतिन शिवम, प्रिंस शर्मा आदि शामिल थे।