आगरा रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (रेलवे सुरक्षा बल) पी राजमोहन को हटा दिया गया है। हालांकि उनका प्रशासनिक आधार पर तबादला करने की बात कही गई है। रेलवे बोर्ड ने उन्हें पूर्वोत्तर रेलवे में उप मुख्य सुरक्षा आयुक्त (निर्माण) के पद पर तैनात किया है। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब कैंट स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान डीएसएस नरेंद्र सिंह चाहर की आरपीएफ के जवानों ने पिटाई और घसीटने के मामले पर रेल कर्मचारियों का विरोध लगातार जारी है। इस मामले की जांच के लिए बनी तीन सदस्यीय समिति में भी राजमोहन शामिल थे। तबादले के संबंध में रेलवे बोर्ड के निदेशक (रेलवे सुरक्षा बल) विनीत खरब की ओर से 16 जुलाई को आदेश जारी किया गया। आदेश में आगरा मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी राजमोहन को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। कैंट स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान डीएसएस नरेंद्र सिंह चाहर की पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद कर्मचारियों में भारी नाराजगी की है। घटना के विरोध में ऑल इंडिया रेलवे स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन सहित विभिन्न कर्मचारी संगठन लगातार आंदोलन कर रहे हैं। कर्मचारियों ने दोषी जवानों की गिरफ्तारी और सेवा से हटाने की मांग उठाई है। हालांकि आरोपी कर्मियों को अलग-अलग स्थानों से संबद्ध किया गया है। बृहस्पतिवार को इस प्रकरण में बयान दर्ज किए जाने थे, लेकिन इसी बीच उनका तबादला आदेश जारी होने के बाद उन्हें प्रयागराज बुला लिया गया।