आगरा में राष्ट्रीय किसान मोर्चा के अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर व खेरागढ़ के विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने बुधवार को क्षेत्र की सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भूमि पूजन किया। भूमि पूजन गहर्रा प्याऊ से सीएटीके मार्ग से बीसलपुर–विरहरू होते हुए आगरा–ग्वालियर मार्ग को जोड़ने वाली 3.8 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए किया गया। इस सड़क का निर्माण 426.96 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। भूमि पूजन कार्यक्रम गहर्रा की प्याऊ पर आयोजित किया गया। सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि आगरा-जगनेर मार्ग को जल्द ही फोरलेन कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्रीय जनता को आवागमन में सुविधा मिलेगी और विकास को नई गति मिलेगी। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख श्रीकांत त्यागी, देवेंद्र रावत, राजू लवानियां, लालू भैया, मातेंद्र धाकरे, डॉ. गम्भीर सिंह,अजय चाहर, डॉ. संजय चाहर, अनिल चाहर, सतेंद्र यादव आदि माैजूद रहे।