आगरा। शहरवासियों के लिए अत्यंत हर्ष और श्रद्धा का विषय है कि एक बार पुनः विश्वविख्यात कथावाचक मोरारी बापू की पावन रामकथा आगरा में विराजमान होने जा रही है। करुणानिधान परिवार द्वारा आयोजित इस भव्य आध्यात्मिक आयोजन की तिथियां 1 अगस्त 2026 से 9 अगस्त 2026 तक निर्धारित की गई हैं। कथा का आयोजन आवास विकास क्षेत्र स्थित जेपी बंडिंग ग्राउंड पर होगा। प्रेस को जारी सूचना में बताया गया कि वर्ष 2003 में सितंबर माह में 6 से 14 तारीख तक आयोजित रामकथा ने आगरा शहर को भक्ति, अध्यात्म और चिंतन के अद्भुत संगम से सराबोर कर दिया था। वह कथा शहरवासियों के लिए प्रथम प्रसाद और आशीर्वाद के रूप में आज भी जनमानस में गहराई से विद्यमान है। उसी कथा के मधुर स्मरण और प्रभाव के कारण लंबे समय से पुनः रामकथा आयोजन की इच्छा व्यक्त की जा रही थी। करुणानिधान परिवार के निरंतर प्रयासों, हनुमंत चरणों में प्रार्थना और बापू से आग्रह के फलस्वरूप अब यह शुभ अवसर पुनः प्राप्त हुआ है। चित्रकूट धाम तलगाजरडा से स्वीकृति मिलने के बाद आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि यह रामकथा प्रेम, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का महायज्ञ होगी, जिसमें आगरा सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।