आगरा में नेशनल चैंबर ने उत्तरी बाईपास पर टोल टैक्स लगाने का विरोध किया है। कहा कि इससे लोग उत्तरी बाईपास का उपयोग करने से बचेंगे। शहर से ही भारी वाहन गुजरेंगे। इससे जाम और हादसों का खतरा बढ़ेगा। इसके विरोध में डीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देंगे। चैंबर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने कहा कि वाहन चालक मथुरा से एत्मादपुर-कानपुर जाने के लिए उत्तरी बाईपास का उपयोग कर रहे हैं। टोल देने पर वाहन चालकों पर आर्थिक भार पड़ेगा, जिससे वह उत्तरी बाईपास का उपयोग करने से बचेंगे। चैंबर के पूर्व अध्यक्ष संजय गोयल का कहना है कि उत्तरी बाईपास का निर्माण मथुरा, महावन, हाथरस, सादाबाद समेत अन्य को जोड़ना है, जिससे भारी वाहन मथुरा, खंदौली, सादाबाद होकर गुजर जाएं और शहर में प्रवेश न करें। उन्होंने कहा कि टोल टैक्स लगने से इसका पूरा फायदा नहीं मिलेगा। शहर से वाहनों की संख्या में कमी नहीं आएगी। इससे जाम-हादसों का खतरा बना रहेगा। ऐेसे में उत्तरी बाईपास को टोल टैक्स मुक्त रखा जाए।