आगरा के थाना निबोहरा क्षेत्र के फतेहाबाद-निबोहरा मार्ग पर भोजपुर गांव के पास सोमवार को अज्ञात बाइक की टक्कर से छह वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बाइक सहित फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार रामगढ़ हीरापुरा निवासी मुकेश की पुत्री जानवी( 6) प्राथमिक विद्यालय भोजपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ती थी। सोमवार को लंच के बाद वह अपनी बड़ी बहन ज्योति (7 वर्ष) तथा अन्य बच्चों कान्हा, नीलम और लवकुश के साथ विद्यालय से बाहर निकली थी। इसी दौरान फतेहाबाद-निबोहरा मार्ग पर तेज रफ्तार सिलिंडर लदी बाइक ने जानवी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की बड़ी बहन ज्योति ने आरोप लगाया कि विद्यालय के शिक्षकों ने हमें पेड़ लेने के लिए सड़क की ओर भेजा था। इसी दौरान बाइक ने जानवी को टक्कर मार दी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन ने बताया कि जानवी के पिता मुकेश पहले जयपुर में काम करते थे। करीब दो माह पहले स्विमिंग पूल में डूबने से उनके पांच वर्षीय बेटे हंसू की भी मौत हो गई थी। उस हादसे के बाद परिवार गांव में रहकर मजदूरी कर किसी तरह जीवनयापन कर रहा है। अब बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस फरार बाइक चालक की तलाश कर रही है।