आगरा में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने मन:कामेश्वर से आईएसबीटी तक हाईस्पीड ट्रायल टाल दिया है। अब 30 अप्रैल से इसके शुरू होने की उम्मीद है। 20 अप्रैल से ट्रायल की तैयारी थी। सिग्नल-भार का ट्रायल पूरा नहीं होने के कारण हाईस्पीड ट्रायल 10 दिन के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। पहले कॉरिडोर में ताज पूर्वी से मन:कामेश्वर तक छह स्टेशनों पर ही मेट्रो चल रही है। एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजामंडी, आरबीएस और आईएसबीटी स्टेशन तक ट्रैक बन गया है। इस पर हाईस्पीड ट्रायल सोमवार से होना था लेकिन इसे 10 दिन आगे बढ़ा दिया गया है। यूपीएमआरसी के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि मेट्रो के सिग्नल ट्रायल हो चुके हैं। अभी भार का ट्रायल चल रहा है। ये पूरा नहीं हुआ है। इसके बाद हाईस्पीड ट्रायल किया जाएगा। यूपीएमआरसी ने सुल्तानगंज चौराहा और कमला नगर में मेट्रो स्टेशन का कार्य तेज कर दिया है। इन दोनों स्टेशनों के बीच ही मेट्रो का ट्रैक हाईवे को पार करेगा। दरअसल, भगवान टॉकीज से सुल्तानगंज की पुलिया की ओर ट्रैक बाईं ओर से गुजर रहा है। कमला नगर से ये दाईं ओर से गुजरेगा। इसके लिए यहां दो मशीनें कार्य कर रही हैं। इसका कार्य तेज होने से ट्रैक का निर्माण जल्द पूरा होगा। दिसंबर तक ये कॉरिडोर पूरा होना है।