आगरा के फतेहाबाद में साथी अधिवक्ता के साथ पुलिस की दमनकारी नीति तथा फर्जी मुकदमा दर्ज करने पर तहसील के अधिवक्ता ने हड़ताल कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहसील फतेहाबाद के समस्त अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को तहसील फतेहाबाद में एक गोष्ठी का आयोजन किया। जिसमें साथी अधिवक्ता कुलदीप राजपूत पुत्र अभिलाष सिंह निवासी बाजिदपुर थाना डौकी के खिलाफ थाना डौकी पुलिस के मुकदमा लिखने तथा अभद्रता करने पर विचार-विमर्श हुआ। अधिवक्ता स्टांप वेंडर तथा दस्तावेज लेखकों ने अधिवक्ता के खिलाफ की गई कार्रवाई के विरोध में दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है। अधिवक्ताओं का कहना है कि पुलिस निर्दोष अधिवक्ता के खिलाफ झूठा मुकदमा कर दमनकारी नीति अपना रही है और अधिवक्ता के साथ मारपीट की गई है, जो गलत है, हम इसका विरोध करते हैं। वहीं, अधिवक्ताओं ने तहसील प्रांगण में पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा उपजिलाधिकारी कार्यालय के बाहर भी नारेबाजी करते हुए पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।