आगरा के शास्त्रीपुरम क्षेत्र के एक नामी स्कूल में दसवीं के छात्र पर सहपाठी ने पंच से हमला कर दिया। इससे उसका जबड़ा और कई दांत टूट गए। निजी अस्पताल में ऑपरेशन कराना पड़ा। छात्र के पिता ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पीड़ित छात्र का घर जयपुर हाउस क्षेत्र में है। पिता का शाह मार्केट में मोबाइल शोरूम है। वह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह उन्हें बेटे के स्कूल से कॉल आई। बताया गया कि बेटे को मामूली चोट लगी है, आकर ले जाएं। वह तुरंत स्कूल पहुंचे और प्रबंधन के कर्मचारियों से मिले। बेटे के चार दांत टूटे हुए थे और वह खून से लथपथ था। पिता का आरोप है कि प्रबंधन ने इलाज तो दूर, दवा तक नहीं लगाई थी। उसके मुंह पर रूई लगाकर औपचारिकता की गई थी। बताया गया कि उसका सहपाठी छात्र से झगड़ा हुआ था। बेटे ने बताया कि छात्र ने उसे पीतल के नुकीले पंच से मारा था। इतने नामी स्कूल में कोई छात्र ऐसी चीज लेकर कैसे आया, इस बात का जवाब किसी ने नहीं दिया दूसरी मंजिल की बालकनी में जहां झगड़ा हुआ, वहां ढाई फीट की दीवार है, अगर बच्चा नीचे गिर जाता तो और मुसीबत हो जाती। इतना कुछ होने के बाद भी स्कूल प्रबंधन ने बेटे को खुद अस्पताल नहीं पहुंचाया। वह बेटे को लेकर यथार्थ अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने उसका ऑपरेशन किया है। उसे निगरानी के लिए आईसीयू में रखा गया। बेटे की हालत के लिए स्कूल प्रबंधन जिम्मेदार है।