छात्रों की सुरक्षा के साथ हो रहे खिलवाड़ पर सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने संजय प्लेस स्थित अमेरिकन इंस्टीट्यूट और शरभ क्लासेस, टेढ़ी बगिया स्थित केसी लाइब्रेरी समेत चार कोचिंग सेंटर सील कर दिए। सुरक्षा मानकों की अनदेखी, बेसमेंट में संचालन और अग्निकांड जैसी स्थिति से निपटने में भारी लापरवाही पाए जाने पर एडीए ने इन चार संस्थानों के अलावा 35 अन्य कोचिंग सेंटरों को भी नोटिस जारी किए हैं। लखनऊ में हुए हादसे के बाद एडीए उपाध्यक्ष एम. अरूनमोली ने मानचित्र व अन्य जांच के लिए दो टीमें बनाई थीं। उपाध्यक्ष ने 30 जून तक रिपोर्ट मांगी है। शनिवार की रिपोर्ट के अनुसार, हरीपर्वत वार्ड में 18, छत्ता वार्ड में 11 और लोहामंडी वार्ड में 6 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण कर इन सभी 35 संस्थानों को नोटिस निर्गत किए गए हैं।