आगरा के बाह के खेड़ा राठौर के गौंसिली गांव में शुक्रवार देर शाम चंबल का बीहड़ धधक उठा। वन्यजीवों में भगदड़ एवं अफरा तफरी मच गई। वन और अग्निशमन विभाग की टीम ने चार घंटे में आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि कोई वन्यजीव हताहत नहीं हुआ है। गौंसिली गांव के चंबल के बीहड़ में शुक्रवार देर शाम आग लग गई। आग की लपटें उठने पर चरवाहे मवेशी लेकर भाग खड़े हुए। वन दरोगा पंकज सिंह, वन रक्षक पुनीत तिवारी अपनी टीम के साथ आग बुझाने में जुट गए। आग की लपटें विकराल होने पर उन्होंने बाह से अग्निशमन विभाग की टीम बुला ली। पहुंच मार्ग तक दमकल से आग बुझाई। रास्ता न मिलने पर वन और अग्निशमन विभाग की टीम ने झाड़ियों, डंडों और धूल से आग बुझाने में जुट गई। करीब 4 घंटे की गई मेहनत रंग लाई और पर काबू पा लिया। आग लगने पर वन्यजीव जान बचाने के लिए भाग खड़े हुए। क्षेत्र में लकड़बग्घा, सियार आदि वन्यजीव विचरण करते हैं। बाह के रेंजर कुलदीप सहाय पंकज ने बताया कि आग से झाड़ियां और घास फूस जला है, कोई वन्यजीव हताहत नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।