आगरा के विकासखंड अकोला के गांव जारुआ कटरा के मजरा गोपालपुरा में रविवार को नाले में कटान हो गया, जिसकी वजह से गांव में किसानों की दर्जनों बीघा जमीन जलमग्न हो गई। पांच दिन बीत जाने के बाद बृहस्पतिवार को किसानों में काफी आक्रोश दिखाई दिया। उनका कहना है कि प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर किसानों की समस्या को सुनने के लिए नहीं आया है। किसान सियाराम ने बताया कि उन्होंने तीन बीघा जमीन में गोभी की फसल की थी, नाले में कटान होने की वजह से फसल जलमग्न हो गई। अन्य किसान जयवीर सिंह का कहना है कि उन्होंने ढाई लाख रुपए में किराए पर जामुन का बगीचा लिया है, लेकिन पानी भरने की वजह से पेड़ गिरने का खतरा मंडरा रहा है। सुनील कुमार ने बताया कि उनके खेत में भूसा रखा हुआ था, वह पानी की वजह से बह गया। पशुओं के चारे की दिक्कत हो गई है। ग्रामीण जीवनदास ने बताया कि उन्होंने नहर विभाग के अधिकारियों से भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन अभी तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं आया है और न ही किसानों की समस्या के समाधान का प्रयास किया गया है। एसडीओ नहर विभाग पंकज अग्रवाल ने बताया कि मामले में जांच कराई जा रही हैं, किसानों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।