मथुरा-आगरा हाईवे पर सिकंदरा थानाक्षेत्र में सब्जी मंडी के पास तेज रफ्तार में चल रहे डंपर ने आगे चल रहे लोडिंग ऑटो में पीछे से टक्कर मार दी। ऑटो उल्टा होकर घूमने के बाद डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे में चालक सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। लाल कुर्ती आगरा कैंट निवासी अभिषेक ने बताया कि उनका छोटा भाई मनीष (32) सिकंदरा स्थित एक केमिकल कंपनी में डिलीवरी का काम करता था। बुधवार दोपहर 12 बजे स्कूटर लेकर कंपनी गया था। वहां से अन्य कर्मचारियों केशव आदि के साथ लोडिंग ऑटो से मथुरा में केमिकल की डिलीवरी देने गया। रात करीब डेढ़ बजे सभी लोग उसी ऑटो से लौटकर आ रहे थे। सिकंदरा थानाक्षेत्र में सब्जी मंडी के पास हाईवे पर पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो घूमकर पीछे मुड़कर डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों के पहिए थम गए और जाम लग गया। चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने ऑटो के अंदर से मनीष सहित चारों कर्मचारियों को निकाला। पुलिस की मदद से उन्हें इलाज के लिए एसएन इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रैपुरा जाट निवासी कर्मचारी केशव की हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य दो कर्मचारियों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सिकंदरा थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन को सौंप दिया है। कार्रवाई के लिए परिजन ने अभी तहरीर नहीं दी हैं। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।