आगरा होम्योपैथिक फेडरेशन ने बोदला-सिकंदरा रोड स्थित रेस्तरां में होम्योपैथी दिवस मनाते हुए होम्योपैथिक मेडिकल स्टोर के लाइसेंस ऑनलाइन करने और दवाओं को जीएसटी मुक्त करने की मांग की। इसके लिए शासन को भी पत्र भेजा जाएगा। फेडरेशन के चेयरमैन डॉ. आशीष ब्रह्मभट्ट ने बताया कि जिले में होम्योपैथिक दवाओं के 45 मेडिकल स्टोर हैं। अभी मेडिकल स्टोर के लाइसेंस के लिए भौतिक रूप से आवेदन करना पड़ता है। बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं। लाइसेंस के लिए ऑनलाइन सिस्टम किया जाए, जिससे आवेदन प्रक्रिया आसान हो जाएगी। अध्यक्ष डॉ. विवेक जैन ने कहा कि होम्योपैथिक दवाएं सस्ती और जरूरतमंदों के लिए हैं। ऐसे में इन दवाओं को जीएसटी से मुक्त रखा जाए। अभी होम्योपैथिक दवाओं पर पांच फीसदी जीएसटी लग रही है। जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. प्रभात कुलश्रेष्ठ ने दवा व्यापारियों की मांग और समस्याओं को शासन तक पहुंचाने का भरोसा दिया। कार्यक्रम में डॉ. रविंद्र कुमार, डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, डॉ. सीमा यादव, डॉ. केदारनाथ जैन, डॉ. भीकम सिंह, पंकज गर्ग आदि मौजूद रहे।