रेलवे के स्पेशल ट्रेन चलाने के दावे यात्रियों की भीड़ के आगे फेल होते नजर आ रहे हैं। ट्रेनों में यात्री ठसाठस भरे हुए हैं। सामान्य से लेकर स्लीपर कोच में बैठने की जगह नहीं है। सामान्य कोच में हालात यह है कि अंदर जाने के लिए दरवाजे पर भी जगह नहीं है। यात्री बाथरूम के बगल में और गैलरी में बैठे हैं। अधिकतर यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ रही है। स्लीपर कोच में भी कुछ ऐसे ही हालत हैं, जिन यात्रियों के पास कंफर्म टिकट है, उनकी सीट पर दूसरे यात्री कब्जा जमा कर बैठे हैं। जनरल कोच की टिकट लेकर अधिकतर यात्री स्लीपर कोच में यात्रा कर रहे हैं। भीड़ की वजह से टीटी, आरपीएफ और जीआरपी के जवान इन कोच में चेकिंग करने के लिए भी नहीं आ रहे हैं।