आगरा में बसई मंडी को बंद कराने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो रहा है। सिकंदरा स्थित नवीन फल एवं सब्जी मंडी के व्यापारियों का धरना शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। मंडी यूनियन सिकंदरा के पदाधिकारी और व्यापारी बरौली अहीर फल एवं सब्जी मंडी के आढ़तियों के समर्थन में मंडी परिसर में धरने पर बैठे रहे। विरोध प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने शुक्रवार से 1.5 प्रतिशत मंडी राजस्व टैक्स नहीं देने का निर्णय भी दिया। मंडी यूनियन के अध्यक्ष हरिओम दुबे ने कहा कि व्यापारियों की मुख्य मांग बसई मंडी को बंद कराने की है। उनका कहना है कि बसई मंडी अवैध रूप से संचालित हो रही है, जिससे सिकंदरा मंडी का व्यापार प्रभावित हो रहा है। यदि 25 जुलाई तक प्रशासन ने उनकी मांग पूरी नहीं की, तो 25 जुलाई से नवीन फल एवं सब्जी मंडी सिकंदरा का कारोबार पूर्ण रूप से बंद कर दिया जाएगा। आढ़ती रामगोपाल व्यास ने कहा कि बसई मंडी में व्यापार होने से सिकंदरा मंडी का लगभग 40 प्रतिशत कारोबार प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि व्यापार को दोबारा सिकंदरा मंडी में लाने के लिए आंदोलन किया जा रहा है और मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा। मंडी यूनियन के उपाध्यक्ष राजू चौधरी ने कहा कि शुक्रवार से व्यापारियों ने 1.5 प्रतिशत मंडी राजस्व टैक्स नहीं देने का निर्णय लागू कर दिया है। उन्होंने कहा कि यदि 25 जुलाई तक बसई मंडी को बंद नहीं किया गया, तो उस दिन से नवीन फल एवं सब्जी मंडी सिकंदरा को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।