उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव के पहले चरण की वोटिंग 16 और 17 जनवरी को आगरा में होनी है। प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गईं हैं। चुनाव की सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। अधिवक्ता वोटरों से समर्थन मांगने के लिए प्रत्याशियों ने ढोल नगाड़े बजाकर समथकों संग दीवानी परिसर में प्रचार प्रसार किया। वोटरों से वादा कर उनसे समर्थन मांगा। पूरे प्रदेश से कुल 333 प्रत्याशी चुनाव मैदान में किस्मत आजमाने उतरे हैं। आगरा जनपद से 11 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। पूरे प्रदेश में करीब 2.49 लाख अधिवक्ता वोट करेंगे। आगरा से करीब 4,900 अधिवक्ता वोटर हैं। दीवानी में एडीजे-26 अमरजीत तथा फतेहाबाद में सिविल जज किशन चंद पाण्डेय को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। दीवानी में कलेक्ट्रेट, कमिश्नरी, टैक्सेशन, तहसील सदर, किरावली और एत्मादपुर के वोटर मतदान करेंगे। आगरा से अनूप कुमार शर्मा, दुर्ग विजय सिंह भईया, अरविंद मिश्रा, हरजीत अरोरा, सरोज यादव, राधा यादव, नेहा गुप्ता, अनूप शर्मा, मुकेश शर्मा, पूरन सिंह राजपूत, आरएस मौर्या और तेज सिंह बघेल प्रत्याशी हैं। प्रत्याशी 80 जिलों में अधिवक्ताओं से संपर्क कर प्रथम वरीयता मत की अपील कर रहे हैं। दीवानी की दीवार बैनर, पोस्टरों से पाट दी गई है। वोटरों को डायरी, कैलेंडर आदि बांटकर लुभा रहे हैं। अपने-अपने घोषणा पत्र भी जारी किए हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से भी अधिवक्ताओं से समर्थन की मांग कर रहे हैं।