एकाग्रता, निरंतरता और कड़ी मेहनत। इन्हीं मंत्रों से छात्र-छात्राओं ने सफलता का आसमां छू लिया। ऐसे ही होनहारों को अमर उजाला और आईआईएमटी यूनिवर्सिटी ने केंद्रीय हिंदी संस्थान के अटल बिहारी वाजपेयी अंतरराष्ट्रीय सभागार में भविष्य ज्योति कार्यक्रम का आयोजन कर मेडल-प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की काउंसलिंग कर कॅरिअर की आगे की राह दिखाई। समारोह में इंटरमीडिएट पास कर चुके यूपी बोर्ड, सीबीएसई और सीआईएससीई के 350 से अधिक मेधावियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय, विशिष्ट अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा राकेश कुमार, डीसीपी यातायात सोनम कुमार और सीबीएसई के शहर समन्वयक डॉ. आरके पांडेय ने इन्हें मेडल और प्रशस्तिपत्र दिए। गले में मेडल और हाथों में प्रमाणपत्र पाकर मेधावियों के चेहरे खिल गए। विशेषज्ञों ने मेधावियों की कॅरिअर काउंसलिंग करते हुए उनकी उलझनों का समाधान भी किया। समारोह में 10 स्कूलों के 20 शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। संचालन अमित सूरी ने किया।